ग्रेटर नोएडा में होली को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स, पैदल मार्च कर दंगाइयों को दिया सख्ती का संदेश

top-news
होली के मौके पर जेवर और दनकौर क्षेत्र में पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। चौराहों पर बैरिकेडिंग, लगातार गश्त और सोशल मीडिया निगरानी के जरिए शांति व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी की गई है।

ग्रेटर नोएडा में होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। दनकौर, जेवर और आसपास के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। त्योहार के मद्देनज़र लगातार गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति न बने। अधिकारियों का कहना है कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था को पहले से ज्यादा सख्त रखा गया है। मुख्य मार्गों पर पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया जा रहा है, जबकि प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।


चौराहों पर बैरिकेडिंग, लगातार गश्त

त्योहार से पहले और होली के दिन पुलिस टीमों को अलग-अलग सेक्टर में बांटा गया है। दनकौर और जेवर के मुख्य बाजारों में पैदल मार्च निकालकर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि हुड़दंग या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। पीसीआर वाहन लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर खास नजर रखी जाएगी। त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।


सोशल मीडिया पर निगरानी, सख्त कार्रवाई की चेतावनी

प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी है। किसी भी भ्रामक या भड़काऊ संदेश को तुरंत चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जबरन रंग डालना, मारपीट करना, नशे की हालत में वाहन चलाना या किसी समुदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना गंभीर अपराध माना जाएगा। स्थानीय थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और अधिकारियों को हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *