नोएडा की सोसायटी में होली पर हुड़दंग, सिविटेक सोसायटी और राधा स्काई में मारपीट, पुलिस ने 10 को किया गिरफ्तार

top-news
नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की दो सोसाइटी में होली के दौरान मारपीट के वीडियो वायरल हो गए। सिविटेक स्टेडिया और राधा स्काई गार्डन में विवाद बढ़ने पर हाथापाई हुई। पुलिस ने मामले में 10 लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है।

होली के त्योहार के बीच नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट से हुड़दंग और मारपीट के कई वीडियो सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा दो वीडियो की हो रही है, जिनमें होली खेलने के दौरान लोगों के बीच झगड़ा और मारपीट दिखाई दे रही है। पहला वीडियो नोएडा के सेक्टर-79 स्थित सिविटेक स्टेडिया सोसाइटी का बताया जा रहा है, जबकि दूसरा वीडियो ग्रेटर नोएडा वेस्ट की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी का है। दोनों घटनाओं में होली के जश्न के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि लोगों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि दोनों घटनाएं होली के दिन हुईं, जब सोसाइटी परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर रंग-गुलाल और डांस के साथ त्योहार मना रहे थे।


सेक्टर-79 सिविटेक स्टेडिया सोसाइटी में झगड़ा

सोशल मीडिया पर वायरल पहला वीडियो करीब एक मिनट बीस सेकेंड का बताया जा रहा है। वीडियो में 12 से 14 लोग एक व्यक्ति को घेरकर मारते और गालीगलौज करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान वहां एक महिला भी दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि सोसाइटी में होली खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर झगड़े को शांत कराया। घटना के बाद कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया था, हालांकि बाद में लोगों ने दोबारा होली का कार्यक्रम शुरू कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में गार्ड और निवासियों के बीच मारपीट

दूसरा वीडियो ग्रेटर नोएडा वेस्ट की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी का बताया जा रहा है, जिसकी अवधि करीब एक मिनट है। इस वीडियो में सुरक्षा गार्डों और सोसाइटी के निवासियों के बीच जमकर मारपीट होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि सुरक्षा गार्डों ने लाठी-डंडों से कुछ लोगों को पीटा। निवासियों का कहना है कि होली के मौके पर कुछ लोग अपने परिवार के साथ सोसाइटी परिसर में डांस कर रहे थे। इसी दौरान सुरक्षा गार्ड वहां पहुंचे और उन्हें रोकने लगे, जिससे दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से हाथापाई होने लगी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 10 लोगों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *