ग्रेटर नोएडा में आज KDSG सुपर स्पेशलियलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे सीएम योगी, कपिल देव की पार्टनरशिप में 200 करोड़ में तैयार हुआ अस्पताल

top-news
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में 200 करोड़ रुपये की लागत से बने केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों से लैस इस अस्पताल में दिल, कैंसर और न्यूरोलॉजी समेत कई गंभीर बीमारियों का इलाज किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया यह आधुनिक अस्पताल क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस अस्पताल को पूर्व भारतीय क्रिकेटर कपिल देव की साझेदारी में तैयार किया गया है। अस्पताल में दिल, कैंसर और दिमाग से जुड़ी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां आधुनिक मशीनों और नई तकनीक से लैस उपचार की व्यवस्था की गई है। दावा किया गया है कि मरीजों को यहां कम खर्च में उच्च स्तरीय इलाज मिल सकेगा। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय है और वे दोपहर करीब ढाई बजे अस्पताल पहुंचेंगे।


आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों से लैस होगा अस्पताल

केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है। अस्पताल में कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और न्यूरोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विभाग स्थापित किए गए हैं, जहां गंभीर बीमारियों का इलाज किया जाएगा। इसके अलावा यहां उन्नत सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। अस्पताल में कई अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं, जिनकी मदद से जटिल बीमारियों का बेहतर और सटीक इलाज संभव होगा। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि यहां मरीजों को बड़े महानगरों की तरह ही आधुनिक इलाज मिलेगा, लेकिन खर्च अपेक्षाकृत कम रहेगा। इससे ग्रेटर नोएडा, नोएडा और आसपास के जिलों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि उन्हें गंभीर इलाज के लिए अब दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।


मुख्यमंत्री का तय कार्यक्रम, कई जनप्रतिनिधि भी रहेंगे मौजूद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 2:30 बजे केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचेंगे। यहां पहुंचने के बाद वे अस्पताल के तीसरे तल पर स्थापित अत्याधुनिक सीटीबीएस ओटी और कैथ लैब का दौरा करेंगे। इसके बाद वे दूसरे तल के लाउंज क्षेत्र में जाएंगे और अस्पताल के स्टाफ के साथ समूह तस्वीर भी खिंचवाएंगे। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के संस्थापक और निदेशक सुनील कुमार गुप्ता मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत करेंगे और मंच से स्वागत उद्बोधन देंगे। इसके अलावा दादरी के विधायक तेजपाल नागर, लोकसभा सांसद महेश शर्मा और केडीएसजी के फाउंडर कपिल देव भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। अंत में करीब 3:20 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना संबोधन देंगे।


कार्यक्रम के बाद हेलीकॉप्टर से गाजियाबाद और फिर लखनऊ रवाना होंगे सीएम

कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर के जरिए गाजियाबाद के लिए रवाना होंगे। गाजियाबाद में संक्षिप्त कार्यक्रम के बाद वे वहां से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर पूरी व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *