नोएडा में 78 लाख के खर्च से बनेगी 75 मीटर चौड़ी रोड, दो सेक्टरों को जोड़ने वाली सड़क का टेंडर हुआ जारी, लोगों को होगा फायदा
- Shiv Kumar
- 05 Mar, 2026
नोएडा के सेक्टर-149 और सेक्टर-150 के बीच लंबे समय से अधूरी पड़ी 75 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण अब जल्द पूरा होने वाला है। नोएडा प्राधिकरण ने किसानों से आपसी सहमति से जमीन लेने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है, जिसके बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। दरअसल इस सड़क का करीब 300 मीटर हिस्सा अधूरा पड़ा हुआ था, जिससे आसपास रहने वाले लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती थी। जमीन मिलने के बाद प्राधिकरण के वर्क सर्किल-10 ने इस हिस्से को पूरा करने के लिए टेंडर भी जारी कर दिया है। सड़क बनने के बाद सेक्टर-149 और सेक्टर-150 के बीच आवाजाही काफी आसान हो जाएगी और क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव भी कम होगा।
11 मार्च तक एजेंसियां कर सकेंगी आवेदन
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार सड़क, फुटपाथ और सेंट्रल वर्ज के निर्माण पर करीब 78 लाख 23 हजार 371 रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए निर्माण एजेंसियों से 11 मार्च तक आवेदन मांगे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कोंडली गांव के सामने सेक्टर-149 और सेक्टर-150 के बीच यह सड़क काफी समय से अधूरी पड़ी हुई है। अब जमीन का मामला सुलझने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी कर ली गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा। एजेंसी चयन के बाद काम शुरू कराया जाएगा और निर्माण शुरू होने के बाद दो महीने के भीतर सड़क का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
सेक्टर-78 की सड़कों की भी होगी रिसर्फेसिंग
इसी के साथ नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-78 में वेदवन पार्क के पास स्थित 30 मीटर और 45 मीटर चौड़ी सड़कों की मरम्मत का भी फैसला लिया है। इन सड़कों की हालत काफी समय से खराब है और कई जगह सड़क उखड़ चुकी है, जिससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्राधिकरण के वर्क सर्किल-6 की ओर से दोनों सड़कों की रिसर्फेसिंग और आसपास के मरम्मत कार्य के लिए टेंडर जारी किया गया है। इस काम पर करीब 32 लाख 7 हजार रुपये की लागत आने का अनुमान है। निर्माण एजेंसियों से 12 मार्च तक आवेदन मांगे गए हैं। प्राधिकरण का कहना है कि एजेंसी चयन के बाद जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






