नोएडा में शराब पी रहे थे दो यार, तभी हो गया झगड़ा, एक ने कर दिया दूसरे के साथ कांड, पुलिस ने किया गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 05 Mar, 2026
नोएडा के थाना फेज-2 क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते एक युवक की लकड़ी की पटली से मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी की पटली भी बरामद कर ली गई है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय बिट्टू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों युवक मूल रूप से बिहार के पटना के रहने वाले थे और फिलहाल नोएडा के इलाहाबास गांव, फेज-2 में रह रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना बुधवार रात की है, जब दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे और उसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हत्या तक पहुंच गया।
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक बिट्टू और पंकज एक ही गांव के रहने वाले थे और काफी समय से एक-दूसरे को जानते थे। बुधवार रात दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस झगड़े में बदल गई। गुस्से में आए पंकज ने पास में रखी बैठने वाली लकड़ी की पटली उठा ली और बिट्टू के चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। अचानक हुए इस हमले से बिट्टू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। सिर और चेहरे पर गहरी चोट लगने से काफी खून बह गया और कुछ ही देर में वह अचेत हो गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी पंकज मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब बिट्टू को घायल हालत में पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और थोड़ी ही देर में आरोपी पंकज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी की पटली भी बरामद कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और क्या इससे पहले भी दोनों के बीच किसी तरह का झगड़ा हुआ था।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






