सीएम योगी ने किया KDSG सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन, कपिल देव के पार्टनरशिप में बना है अस्पताल, मिलेगा सस्ता इलाज

top-news
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में 200 करोड़ रुपये की लागत से बने KDSG सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। अस्पताल में कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और न्यूरोलॉजी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे एनसीआर क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सस्ता इलाज मिल सकेगा।

नोएडा में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने KDSG सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विधि-विधान के साथ हवन में भाग लिया। इस कार्यक्रम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर कपिल देव, गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा सहित करीब 1000 लोग मौजूद रहे। इनमें अस्पताल का मेडिकल स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ, डॉक्टर और भाजपा के कार्यकर्ता शामिल थे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया और यहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें सर्जरी, आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया।


NCR के लोगों को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश को पहला क्रिकेट विश्व कप दिलाने वाले कपिल देव का सेवा क्षेत्र में आना सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी क्षेत्र में स्थापित यह सुपर स्पेशलिटी अस्पताल एनसीआर के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। यहां आधुनिक तकनीक के साथ बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा हर व्यक्ति के जीवन का अहम हिस्सा है और हर नागरिक को बेहतर इलाज की उम्मीद रहती है। सरकार लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन जब तक निजी क्षेत्र की भागीदारी नहीं होगी तब तक व्यापक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना कठिन है।


आयुष्मान भारत योजना से करोड़ों लोगों को मिला लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना से देश के करोड़ों लोगों को फायदा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत लगभग 60 करोड़ लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश में ही 5 करोड़ से अधिक गोल्डन कार्ड धारक हैं, जिन्हें पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। पात्र लोग सूचीबद्ध अस्पतालों में बिना किसी भेदभाव के इसका लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा जरूरी है, ताकि आम आदमी को सस्ता और भरोसेमंद इलाज मिल सके। मरीज डॉक्टर के पास विश्वास के साथ आता है और डॉक्टर का सकारात्मक व्यवहार ही उसकी आधी बीमारी दूर कर देता है।


200 करोड़ की लागत से तैयार हुआ अस्पताल

KDSG सुपर स्पेशलिटी अस्पताल करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। यह अस्पताल पूर्व क्रिकेटर कपिल देव की पार्टनरशिप में स्थापित किया गया है। अस्पताल में कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और न्यूरोलॉजी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां उन्नत सर्जरी के लिए हाईटेक मशीनें लगाई गई हैं। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि मरीजों को कम खर्च में आधुनिक इलाज की सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह 300 बेड का अस्पताल है, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 1000 लोगों को रोजगार भी मिलेगा। डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के लिए यह बड़ा अवसर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

medical pharmacies

Hi there to all, how is all, I think every one is getting more from this site, and your views are nice designed for new visitors.