ग्रेटर नोएडा में छत पर पत्थर फेंकने का विरोध करने पर विवाद, व्यापारी के साथ मारपीट, पुलिस ने तीन पर दर्ज की FIR
- Shiv Kumar
- 06 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के जहांगीरपुर कस्बे में पड़ोसियों के बीच विवाद हिंसक हो गया। घर की छत पर पत्थर फेंकने का विरोध करने पर एक व्यापारी और उनके परिवार के सदस्यों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। इस घटना में परिवार के कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना गुरुवार की बताई जा रही है। जहांगीरपुर निवासी व्यापारी पुनीत अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पड़ोसी अचानक उनके घर की छत पर पत्थर फेंकने लगे। शुरुआत में उन्हें लगा कि यह किसी की शरारत है, लेकिन जब पत्थर लगातार फेंके जाने लगे तो उन्होंने इसका विरोध किया। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगे और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
विरोध करने पर बल्ले से किया हमला
पीड़ित पुनीत अग्रवाल का आरोप है कि विरोध करने पर पड़ोस में रहने वाले पुनीत उर्फ गुटकी, चेतन और कालीचरण ने उन पर और उनके परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने कथित तौर पर बल्ले से मारपीट की, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना की शिकायत मिलने के बाद पीड़ित परिवार जेवर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों पुनीत उर्फ गुटकी, चेतन और कालीचरण के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






