होली के दिन बॉयफ्रेंड को गोली मारने वाली महिला समेत दो भाई गिरफ्तार, मृतक के पत्नी के सामने मार दी थी गोली, जबरन करना चाहती थी शादी

top-news
नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आइवी काउंटी सोसाइटी मार्केट में साहिल सिंघल की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिस्टल, कारतूस और बिना नंबर की फ्रॉन्क्स कार बरामद की है।

नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवीवाई काउंटी सोसाइटी में बुधवार दोपहर हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पत्नी के सामने प्रॉपर्टी डीलर साहिल सिंघल की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने प्रेमिका और उसके दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल एक 16 वर्षीय बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को पर्थला डूब क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान सर्विस रोड से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लब्बु उर्फ लोकेन्द्र सोलंकी, निखिल सोलंकी और प्रिया सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई .32 बोर की पिस्टल, दो कारतूस और बिना नंबर की फ्रॉन्क्स कार बरामद की है। घटना के बाद सभी आरोपी कार से फरार हो गए थे।


प्रेम संबंध के चलते बढ़ा विवाद

पुलिस के अनुसार सेक्टर-75 स्थित आईवीवाई काउंटी सोसाइटी में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर साहिल सिंघल अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार में उनके माता-पिता, पत्नी और दो बच्चे हैं। करीब चार साल पहले साहिल की मुलाकात गाजियाबाद के विष्णु एन्क्लेव निवासी प्रिया सोलंकी से हुई थी। प्रिया नोएडा की एक कंपनी में काम करती थी और इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। समय बीतने के साथ प्रिया साहिल पर शादी का दबाव बनाने लगी, लेकिन साहिल पहले से शादीशुदा होने के कारण उससे दूरी बनाने लगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद ने बाद में हत्या की वारदात का रूप ले लिया।


शादी से इंकार करने पर मारी गोली

बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर प्रिया अपने भाइयों निखिल सोलंकी और लोकेन्द्र उर्फ लब्बू सोलंकी के साथ कार से आईवीवाई काउंटी सोसाइटी पहुंची। उनके साथ पड़ोसी लक्की भी मौजूद था। चारों लोग होली पर मिलने के बहाने सोसाइटी में दाखिल हुए और सीधे साहिल के फ्लैट पर पहुंच गए। फ्लैट पर उन्हें साहिल की मां सीमा सिंघल मिलीं, जिन्होंने बताया कि साहिल अपनी पत्नी के साथ नीचे होली खेल रहा है। इसके बाद सभी लोग वहीं पहुंच गए। यहां प्रिया ने एक बार फिर साहिल के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन साहिल ने साफ इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान निखिल सोलंकी ने अवैध पिस्टल से साहिल को उसकी पत्नी के सामने गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *