नोएडा में महिला की हत्या के मामले का खुलासा, बॉयफ्रेंड ने शादी के दबाव के चलते रास्ते से हटाया, पुलिस ने किया गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 07 Mar, 2026
नोएडा के थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में 2 मार्च की सुबह मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या उसके ही बॉयफ्रेंड ने की थी। मृतका की पहचान कविता उर्फ काव्या पत्नी शंकर निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई थी। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपी विक्की (34) निवासी पांडव नगर मंडावली, पूर्वी दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके पास से करीब तीन लाख रुपये और घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की है। बताया गया कि हत्या करने के बाद आरोपी महिला का शव सेक्टर-129 स्थित गुलशन मॉल के पास फेंककर फरार हो गया था। पुलिस ने उसे साया मॉल के पास सिंगल सर्विस रोड से गिरफ्तार किया।
पति से विवाद के बाद बढ़ी थी विक्की से नजदीकी
पुलिस जांच में सामने आया कि कविता की शादी शंकर से हुई थी और उसकी ढाई साल की एक बेटी भी है। शंकर दिल्ली के एक होटल में काम करता है, जबकि कविता दिल्ली में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। कई बार विवाद इतना बढ़ जाता था कि कविता ने दिल्ली पुलिस को भी शिकायत के लिए फोन किया था। करीब एक से डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात विक्की से हुई, जो पेशे से ड्राइवर है। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकी बढ़ गई और कविता उसके साथ रहने की इच्छा जताने लगी। बताया जा रहा है कि 2 मार्च को वह अपने घर से करीब तीन लाख रुपये लेकर विक्की से मिलने पहुंची थी।
शादी से इनकार के बाद कार में की हत्या
पुलिस के मुताबिक मुलाकात के दौरान कविता ने विक्की के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन विक्की पहले से शादीशुदा था और वह उसे सिर्फ दोस्त मानता था। उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कार के अंदर ही कहासुनी और झगड़ा हो गया। इसी दौरान गुस्से में आकर विक्की ने कविता की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को सेक्टर-129 के पास गुलशन मॉल के पास फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। अगले दिन सुबह लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
200 से ज्यादा सीसीटीवी खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस
इस सनसनीखेज हत्या के खुलासे के लिए पुलिस ने व्यापक जांच की। करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद एक विशेष टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की गई। आखिरकार पुलिस ने विक्की को साया मॉल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में करीब 20 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई थी, जिसके बाद आरोपी तक पहुंचना संभव हो पाया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






