नोएडा एयरपोर्ट के कर्मचारी से मारपीट, शादी समारोह से लौट रहा था पीड़ीत, साबौता गांव में लाठी-डंडों से हमला

top-news
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र के साबौता गांव में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से हमला किया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र में एक बार फिर मारपीट की घटना सामने आई है। यहां गांव साबौता में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक कर्मचारी के साथ कुछ युवकों ने रास्ते में रोककर मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करने के बाद लाठी-डंडों से हमला किया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल कर्मचारी ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।


ड्यूटी से लौटते समय रास्ते में रोका, फिर शुरू कर दी मारपीट

पीड़ित अमन शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में कार्यरत हैं और रोज की तरह शनिवार शाम ड्यूटी खत्म कर अपने गांव साबौता लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही दुष्यंत पुत्र संतोष अपने तीन-चार साथियों के साथ खड़ा मिला। आरोप है कि उन्होंने अमन को रोककर पहले गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अमन ने इसका विरोध किया और वहां से जाने की कोशिश की, तो सभी आरोपियों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। पीड़ित का कहना है कि युवकों ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उन्हें चोटें आईं। अचानक हुए इस हमले से वह संभल भी नहीं पाए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर बढ़ने लगे। लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी अमन को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।


पहले भी हो चुका है विवाद, दोबारा हुई मारपीट

पीड़ित अमन शर्मा का यह भी कहना है कि इससे पहले भी आरोपियों के साथ उनका विवाद हो चुका है। उन्होंने बताया कि 3 मार्च को भी आरोपी दुष्यंत ने उनके साथ मारपीट की थी। उस समय गांव के कुछ गणमान्य लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था और मामला शांत हो गया था। लेकिन पीड़ित का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपियों ने दोबारा हमला कर दिया। इस घटना के बाद पीड़ित ने सीधे पुलिस की शरण ली और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। गांव में भी इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।


पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी

मामले को लेकर जेवर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *