ग्रेटर नोएडा पुलिस को बड़ी सफलता, फर्जी वीजा बनाने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, विदेश भेजने के नाम पर करते थे ठगी, दो दर्जन फर्जी वीजा बरामद

top-news
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा बनाकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। बिसरख पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर पासपोर्ट, फर्जी वीजा और नकदी बरामद की है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

ग्रेटर नोएडा में विदेश भेजने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले एक फर्जी वीजा गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना बिसरख पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी लोगों को यूरोप के देशों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे और बाद में फर्जी वीजा बनाकर भेज देते थे। पुलिस ने आरोपी के पास से 8 पासपोर्ट, 90 विजिटिंग कार्ड, 24 फर्जी वीजा की फोटो कॉपी, एक फर्म रजिस्ट्रेशन, दो फर्म सर्टिफिकेट, दो मोहर, तीन मोबाइल फोन और 47 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने सैकड़ों लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है।


वर्क वीजा का झांसा देकर वसूली करते थे मोटी रकम

डीसीपी शक्ति अवस्थी के अनुसार आरोपी गौर सिटी मॉल में ‘स्काई वीजा वेंचर’ नाम से एक ऑफिस चलाते थे। आरोपी बिट्टू खुद को सक्षम शर्मा और उसका साथी सुरेंद्र खुद को राजीव शर्मा बताकर लोगों से संपर्क करता था। वे कॉलिंग और सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों को फिनलैंड, पोलैंड और रूस जैसे देशों में नौकरी दिलाने का भरोसा देते थे। गिरोह प्रत्येक व्यक्ति से 80 हजार से 1 लाख रुपये तक फीस तय करता था। कई लोगों से तो विदेश भेजने और नौकरी दिलाने की गारंटी का एग्रीमेंट भी किया गया था, जिससे लोगों को भरोसा हो जाए। लेकिन असल में यह पूरा नेटवर्क ठगी के लिए ही चलाया जा रहा था।


पासपोर्ट लेकर भेज देते थे फर्जी वीजा

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक व्यक्ति ने थाना बिसरख में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने उनसे वर्क वीजा बनवाने के नाम पर पासपोर्ट ले लिया और बाद में व्हाट्सएप पर वीजा की कॉपी भेज दी। जब शिकायतकर्ता ने संबंधित दूतावास से वीजा की जांच कराई तो पता चला कि वीजा पूरी तरह फर्जी है। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने आरोपी सक्षम शर्मा उर्फ बिट्टू को एटीएस रोड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह लोगों को विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा बनाकर ठगी करता था। पुलिस के अनुसार इस गिरोह के खिलाफ पहले भी मेरठ और हरियाणा के पानीपत में मुकदमे दर्ज हैं। अब दूसरे आरोपी राजीव शर्मा उर्फ सुरेंद्र की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *