नोएडा वालों के लिए खुशखबरी, जेवर एयरपोर्ट को मिल गया लाइसेंस, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने एयरपोर्ट मैनेजमेंट को सौंपा, फ्लाइट संचालन का रास्ता साफ

top-news
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) को डीजीसीए से एयरोड्रम लाइसेंस मिल गया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने लाइसेंस सौंपा है। इससे एयरपोर्ट संचालन का रास्ता साफ हो गया है और इसे देश की अहम एविएशन परियोजनाओं में माना जा रहा है।

ग्रेटर नोएडा के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) को एयरोड्रम लाइसेंस मिल गया है, जिससे एयरपोर्ट के संचालन का रास्ता साफ हो गया है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) की ओर से यह लाइसेंस जारी किया गया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने यह लाइसेंस एयरपोर्ट प्रबंधन को सौंपा। इस उपलब्धि को देश के एविएशन सेक्टर के लिए अहम कदम माना जा रहा है। सोमवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) के अधिकारियों ने दिल्ली में उड्डयन मंत्री से मुलाकात की थी। इस दौरान एयरपोर्ट से जुड़ी बाकी प्रक्रियाओं और तैयारियों को तेजी से पूरा करने को लेकर भी चर्चा की गई।


संचालन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा लाइसेंस

जेवर एयरपोर्ट को मिला एयरोड्रम लाइसेंस एयरपोर्ट संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। लाइसेंस मिलने के बाद अब एयरपोर्ट पर उड़ानों के संचालन की तैयारियां और तेज की जाएंगी।

बैठक के दौरान केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने एयरपोर्ट ऑपरेटर और संबंधित अधिकारियों के साथ शेष औपचारिकताओं को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट देश की सबसे महत्वपूर्ण एविएशन परियोजनाओं में से एक है और इसके शुरू होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी प्रक्रियाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि जल्द से जल्द एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन शुरू किया जा सके।


एशिया के बड़े एयरपोर्ट हब के रूप में विकसित होगा जेवर

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट क्षेत्रों में विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना में आधुनिक एविएशन सुविधाओं को शामिल किया गया है, जिससे यह एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख हब के रूप में उभर सकता है।

एयरपोर्ट में इंटीग्रेटेड एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल) सुविधा के साथ आधुनिक एयर कार्गो सिस्टम भी विकसित किया जा रहा है। इससे एयरलाइन कंपनियों और कार्गो ऑपरेटरों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी। केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का एविएशन सेक्टर तेजी से विस्तार कर रहा है और जेवर एयरपोर्ट इस विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *