होली के दिन महिला को घर में अकेला पाकर घुसा पड़ोसी युवक, बाथरूम में नहाते समय की गंदी हरकत, अब पुलिस कर रही तलाश
- Shiv Kumar
- 10 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपने पड़ोसी पर घर में घुसकर छेड़छाड़ और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि यह घटना होली के दिन 4 मार्च की शाम को हुई थी, जब आरोपी होली मिलने के बहाने उसके घर में घुस आया। घटना के बाद महिला काफी डरी-सहमी रही और सोमवार को अपने पति के साथ जेवर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि होली के दिन शाम के समय वह अपने घर में नहा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला पवन नाम का युवक अचानक होली मिलने के बहाने घर में घुस आया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए उसके साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया।
विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
महिला के अनुसार, जब उसने आरोपी की हरकतों का विरोध किया और शोर मचाना शुरू किया तो आरोपी घबरा गया। आरोप है कि जाते-जाते उसने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला काफी घबराई हुई थी। परिवार के लोगों को जब इस पूरे मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराने का फैसला लिया। सोमवार को पीड़िता अपने पति के साथ जेवर कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दी। महिला ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
जेवर थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी पवन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि यदि आरोपी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






