रॉयल नेस्ट सोसायटी में गिरा फ्लैट की छत का प्लास्टर, लैपटॉप और मोबाइल हुआ क्षतिग्रस्त, फ्लैट ऑनर्स ने मेंटेनेंस पर उठाए सवाल

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रॉयल नेस्ट सोसायटी में एक फ्लैट की छत का प्लास्टर अचानक गिरने से हड़कंप मच गया। घटना में कमरे में रखे युवक के लैपटॉप और मोबाइल फोन को नुकसान हुआ। गनीमत रही कि हादसे के समय युवक कमरे में मौजूद नहीं था।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रॉयल नेस्ट सोसायटी में एक फ्लैट की छत का प्लास्टर अचानक गिरने से हड़कंप मच गया। इस घटना में कमरे में काम कर रहे एक युवक का लैपटॉप और मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि जिस समय प्लास्टर गिरा, उस समय युवक कमरे के अंदर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि युवक कमरे में बैठकर काम कर रहा था, लेकिन किसी कारणवश वह थोड़ी देर के लिए बाहर चला गया। इसी दौरान छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक नीचे गिर पड़ा, जिससे कमरे में रखे उसके लैपटॉप और मोबाइल फोन को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद सोसायटी के लोगों में नाराजगी देखने को मिली।


घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के बाद सोसायटी के कुछ निवासियों ने मौके का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कमरे की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिरा हुआ है और कमरे में सामान बिखरा पड़ा है। निवासियों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर फ्लैट खरीदने के बाद भी इस तरह की घटनाएं सामने आना बेहद चिंताजनक है। उनका कहना है कि अगर यही प्लास्टर उस समय गिरता जब कोई व्यक्ति कमरे में मौजूद होता या सो रहा होता, तो गंभीर चोट लग सकती थी।


मेंटेनेंस विभाग पर लापरवाही का आरोप

सोसायटी के लोगों ने इस घटना के बाद मेंटेनेंस विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सोसायटी में रहने वाले लोगों से भारी मेंटेनेंस चार्ज लिया जाता है, लेकिन उसके बावजूद भवन की स्थिति पर ठीक से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। निवासियों ने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले भी कई सोसायटियों में सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद बिल्डिंग की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों की मांग है कि सोसायटी प्रबंधन इस मामले को गंभीरता से ले और पूरे भवन की जांच कराए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके और निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *