किसान का भुगतान रोकने के मामले में यमुना प्राधिकरण के CEO सख्त, तीन अधिकारियों को जारी किया कारण बताओ नोटिस
- Shiv Kumar
- 11 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा में यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आरके सिंह ने किसान के भुगतान में देरी के मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाए हैं। जनसुनवाई के दौरान सामने आई शिकायत के बाद सीईओ ने महाप्रबंधक (वित्त) अशोक कुमार सिंह सहित तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दरअसल एक किसान ने शिकायत की थी कि उसकी जमीन की रजिस्ट्री होने के बावजूद अब तक उसे भुगतान नहीं मिला है। किसान का कहना था कि भुगतान के लिए वह लगातार प्राधिकरण कार्यालय के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। शिकायत सामने आने के बाद सीईओ ने मामले की जानकारी ली और इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सामने आई किसान की परेशानी
जानकारी के अनुसार जनसुनवाई के दौरान किसान ने अपनी समस्या सीधे सीईओ के सामने रखी। उसने बताया कि जमीन की रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उसे भुगतान नहीं मिला है।
किसान ने यह भी कहा कि वह कई बार प्राधिकरण के दफ्तर जा चुका है और अधिकारियों से मिलकर भुगतान की मांग कर चुका है, लेकिन हर बार उसे इंतजार करने को कहा जाता रहा। लगातार चक्कर लगाने के बाद भी भुगतान न मिलने से वह काफी परेशान हो गया था। सीईओ ने शिकायत सुनते ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया और मामले की जानकारी ली। पूछताछ के दौरान अधिकारियों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद उन्होंने इस मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
72 घंटे में भुगतान का है नियम
सीईओ आरके सिंह ने बताया कि प्राधिकरण सहमति के आधार पर किसानों से भूमि खरीदता है। ऐसे मामलों में स्पष्ट नियम है कि जमीन की रजिस्ट्री पूरी होने के बाद किसान का भुगतान 72 घंटे के भीतर कर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और अधिकारियों को पहले भी कई बार निर्देश दिए जा चुके हैं कि किसानों और आम लोगों के साथ उनका व्यवहार बेहतर और जिम्मेदार होना चाहिए। साथ ही शिकायतों का त्वरित समाधान भी किया जाना चाहिए। सीईओ ने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तीन अधिकारियों को जारी किया गया नोटिस
शिकायत की जांच के बाद सीईओ ने महाप्रबंधक (वित्त) अशोक कुमार सिंह सहित तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। उनसे इस मामले में जवाब मांगा गया है कि तय समय के बावजूद किसान का भुगतान क्यों नहीं किया गया। सीईओ ने इस मामले में अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






