यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रक में पीछे से घुसी कार, पिकअप चालक की मौत, ट्रक चालक पर मुकदमा दर्ज
- Shiv Kumar
- 11 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। यह हादसा ईकोटेक-1 कोतवाली क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अलीगढ़ जिले के अतरौली निवासी नीरज के रूप में हुई है। नीरज पिकअप चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि सोमवार रात वह ग्वालियर से एक व्यापारी का सामान लेकर दिल्ली की आजादपुर मंडी जा रहा था। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे से गुजरते समय ईकोटेक-1 कोतवाली क्षेत्र में यह हादसा हो गया।
अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
मृतक के पिता मोहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नीरज के आगे एक ट्रक चल रहा था। आरोप है कि ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे पीछे चल रही पिकअप गाड़ी सीधे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत मदद की और घायल नीरज को ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। कुछ समय बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
मृतक के पिता मोहन ने अज्ञात ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे के समय वहां से गुजरने वाले ट्रक की पहचान की जा सके। साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी आरोपी चालक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






