गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी ने की एलपीजी वितरण एजेंसियों के साथ बैठक, कहा- जिले में पर्याप्त स्टॉक, कालाबाजारी के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

top-news
नोएडा में गैस सिलेंडर की अफवाहों के बीच जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों के साथ बैठक की। प्रशासन ने कहा कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक है और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नोएडा में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल की एलपीजी विपणन व आपूर्ति शाखा के क्षेत्रीय बिक्री अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और कालाबाजारी या अनाधिकृत भंडारण पर सख्ती से रोक लगाई जाए। बैठक में गैस वितरण एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को बताया कि जिले में एलपीजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और घबराहट में अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने की कोशिश न करें।


बुकिंग नियमों में किया गया बदलाव

बैठक के दौरान बताया गया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार गैस बुकिंग के नियमों में बदलाव किया गया है। अब सिंगल बॉटल कनेक्शन वाले उपभोक्ता अपनी आखिरी डिलीवरी के 25 दिन बाद गैस रिफिल बुक कर सकते हैं, जबकि डबल बॉटल कनेक्शन वाले उपभोक्ता 30 दिन बाद बुकिंग करा सकेंगे। जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने कहा कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और किसी तरह की कमी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल गैस बुकिंग की समय-सीमा में बदलाव किया गया है ताकि वितरण व्यवस्था बेहतर तरीके से संचालित की जा सके।


कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी भी अनाधिकृत स्रोत या दलाल के माध्यम से गैस सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त या भंडारण पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सभी पेट्रोल और डीजल पंपों तथा गैस एजेंसियों के संचालकों को अपने सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, सभी रिकॉर्ड अपडेट रखने और बार-बार गैस खरीदने वाले ग्राहकों व कर्मचारियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी व्यक्ति कालाबाजारी में शामिल न हो।


अफवाहों से बचने की अपील

जिला प्रशासन ने सभी एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिकृत गैस कंपनियों के ऑनलाइन बुकिंग मोबाइल नंबर या मोबाइल ऐप के माध्यम से ही गैस रिफिल बुक कराएं। इसके अलावा गैस सिलेंडर केवल अधिकृत वितरकों या कंपनी के अधिकृत वेंडरों से ही प्राप्त करें। अधिकारियों ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि गैस वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *