जेवर में पर्यटन से जुड़े कई विकास कार्यों का लोकार्पण, मंत्री जयवीर सिंह और विधायक धीरेंद्र सिंह ने किया शुभारंभ
- Shiv Kumar
- 13 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के जेवर और दादरी विधानसभा क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को एक जनसभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जेवर के ग्राम भाईपुर ब्रह्मनान स्थित नानकेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में हुआ, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शुभारंभ किया। जनसभा से पहले दोनों नेताओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और देश व प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं।
पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर
जनसभा को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 में केंद्र में और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण व विकास पर काम कर रही है। मंत्री ने बताया कि प्रदेश के कई धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को विकसित करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, कुंभ के भव्य आयोजन और वृंदावन में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि इन प्रयासों से प्रदेश को नई पहचान मिल रही है।
जेवर बन रहा नया लैंडमार्क, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि जेवर क्षेत्र तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि यहां एशिया का सबसे बड़ा नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट निर्माणाधीन है, जिससे आने वाले समय में इस क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी। एयरपोर्ट के बनने से निवेश और रोजगार के कई अवसर पैदा होंगे और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी। वहीं जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य जेवर क्षेत्र को विकास और समृद्धि की नई पहचान दिलाना है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित एयरपोर्ट और फिल्म सिटी से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच भी मिलेगा।
कई मंदिरों के विकास कार्यों का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान कई धार्मिक स्थलों के विकास से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ भी किया गया। ग्राम सिरसा माचीपुर स्थित मां भूड़ा वाली मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ 5 लाख रुपये के कार्यों का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा जावली ऋषि मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये और नानकेश्वर महादेव मंदिर के विकास के लिए 81 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया गया। मंत्री जयवीर सिंह ने कासना के सती मंदिर और दनकौर के खेड़ा देवत मंदिर के विकास के लिए भी धनराशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इन योजनाओं का स्वागत किया और क्षेत्र के विकास की उम्मीद जताई।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






