ग्रेटर नोएडा में निर्माणधीन मकान गिरने का मामला, पांच घायलों में से एक महिला मजदूर की मौत, मकान मालिक पर दर्ज हुई FIR

top-news
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र के रामनेर गांव में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। परिजनों ने मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जेवर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।

ग्रेटर नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के पास स्थित रामनेर गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना गुरुवार को उस समय हुई जब मकान का निर्माण कार्य चल रहा था और कई मजदूर वहां काम कर रहे थे। अचानक दीवार ढहने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायल मजदूरों में अनीता की हालत सबसे ज्यादा गंभीर थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन शुक्रवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद मजदूरों के परिवार में मातम छा गया और इलाके में भी घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।


दीवार गिरने से पांच लोग मलबे में दबे

बताया गया है कि गुरुवार को रामनेर गांव में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक निर्माणाधीन दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर और मकान मालिक की पत्नी मलबे में दब गए। हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए, जिनमें मजदूर अनीता, रानी, हरिश्चंद्र, हरभजन और मकान मालिक रविंद्र की पत्नी शशि शामिल हैं। आसपास के लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद मजदूरों के परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए और पूरे मामले को लेकर नाराजगी जताई।


घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप

उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के निवासी रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी रानी, अनीता, हरिश्चंद्र और हरभजन के साथ रामनेर गांव निवासी रविंद्र के मकान पर मजदूरी कर रहे थे। रमेश का आरोप है कि मकान निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही मजदूरों ने इस पर आपत्ति जताई थी और काम करने से मना भी किया था, लेकिन इसके बावजूद उनसे काम कराया जाता रहा। रमेश का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही और कमजोर सामग्री के कारण ही दीवार गिरी, जिससे उनकी पत्नी समेत कई लोग घायल हो गए और अनीता की मौत हो गई।


पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

हादसे के बाद मजदूरों के परिजनों ने मकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर जेवर कोतवाली पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जेवर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस निर्माण कार्य में इस्तेमाल हुई सामग्री और हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *