ग्रेटर नोएडा में अज्ञात वाहन ने मारी महिला को टक्कर, इलाज के दौरान मौत से मचा मातम, पति की मौत के बाद बच्चों की थीं इकलौती सहारा
- Shiv Kumar
- 14 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। गुरुवार शाम हुए इस हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला ने शुक्रवार को अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतका की पहचान दनकौर क्षेत्र के मूंजखेड़ा गांव निवासी वती देवी (57) के रूप में हुई है। वह इलाके की एक कंपनी में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके पति का कुछ साल पहले निधन हो चुका था, जिसके बाद से वह ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम वती देवी रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रही थीं। जब वह यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी कट के पास सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत उन्हें उठाकर ग्रेटर नोएडा के निम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। लेकिन गंभीर चोटों के कारण शुक्रवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शुक्रवार को गांव में ही महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया। दनकौर पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






