जेवर विधानसभा में करोड़ों की परियोजनाओं का शिलान्यास, कई गांवों में पहले से चल रहे विकास कार्यों को मिली रफ्तार

top-news
जेवर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ है। लाइब्रेरी, सड़क, ड्रेनेज और स्मार्ट विलेज जैसी योजनाएं शुरू की गई हैं। विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि इनसे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

जेवर विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को विकास की रफ्तार को नया आयाम मिला, जब दनकौर कस्बे और आसपास के गांवों में करोड़ों रुपये की कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इन योजनाओं का मकसद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और ग्रामीण इलाकों में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है और हर गांव तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी विकास कार्य इसी तरह जारी रहेंगे।


शिक्षा और सड़क विकास पर खास फोकस

इन परियोजनाओं के तहत दनकौर स्थित बिहारी लाल इंटर कॉलेज में करीब 32 लाख रुपये की लागत से लाइब्रेरी निर्माण शुरू किया गया। इसके अलावा जुनैदपुर की मढ़ैया और उस्मानपुर गांव में भी 32-32 लाख रुपये की लागत से लाइब्रेरी बनाई जा रही है। विधायक का कहना है कि इन सुविधाओं से छात्रों को बेहतर पढ़ाई का माहौल मिलेगा। वहीं बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ऊंची दनकौर में करीब 14 लाख रुपये की लागत से खड़ंजा निर्माण शुरू हुआ है। इसके साथ ही दनकौर बिजलीघर से सेक्टर-17 को जोड़ने वाले मार्ग और दनकौर-रीलखा रोड पर ड्रेनेज निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया है, जिससे जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।


गांवों में बढ़ेगी सुविधाएं, नए प्रोजेक्ट्स की सौगात

अन्य परियोजनाओं में ग्राम लतीफपुर में करीब 37 लाख रुपये की लागत से अंत्येष्टि स्थल का निर्माण शामिल है। रौनिजा गांव में 4.10 करोड़ रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर और 1.02 करोड़ रुपये की लागत से खेल मैदान व ओपन जिम बनाए जाएंगे। इसके अलावा पंचायत घर, कम्युनिटी सेंटर की चारदीवारी और अन्य विकास कार्य भी शुरू किए गए हैं। इन योजनाओं से ग्रामीण इलाकों में सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर जीवन स्तर मिलेगा।


स्मार्ट विलेज की तैयारी, एयरपोर्ट से जुड़ेंगे विकास के रास्ते

विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम उस्मानपुर को स्मार्ट विलेज के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसके लिए करीब 15 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बनने वाला नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाले समय में विकास का बड़ा केंद्र बनेगा। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्रवासियों से एयरपोर्ट के लोकार्पण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *