साइबर क्राइम पुलिस का बड़ा एक्शन, टूर एंड ट्रेवल पैकेज के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 18 Mar, 2026
नोएडा में टूर एंड ट्रैवल के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक शातिर आरोपी को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो आम्रपाली गोल्फ होम्स का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अब तक 12 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर चुका है। उसके पास से तीन मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया गया है, जिनमें कई लोगों का डेटा मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाता था और फिर उन्हें फर्जी टूर पैकेज का लालच देकर पैसे ऐंठ लेता था।
सोशल मीडिया पर ऐड देकर बनाता था शिकार, विदेशी टूर का देता था लालच
एडीसीपी शैव्या गोयल के मुताबिक, आरोपी फेसबुक, इंस्टाग्राम और गूगल पर ‘कंपलीट टूर ट्रैवल’ के नाम से विज्ञापन देता था। इन विज्ञापनों में सिंगापुर, नेपाल, वियतनाम और यूरोप जैसे देशों में सस्ते और आकर्षक टूर पैकेज का झांसा दिया जाता था। इसमें रहने, खाने-पीने, घूमने और ट्रांसपोर्ट तक की सुविधा शामिल होने का दावा किया जाता था। जब कोई व्यक्ति संपर्क करता था तो आरोपी पूरी जानकारी देकर भरोसा जीत लेता था। इसके बाद वह पैकेज बुकिंग के नाम पर अपने बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करवा लेता था और पीड़ित को विश्वास दिलाने के लिए टिकट और बुकिंग से जुड़ी डिटेल भी भेजता था।
टिकट कैंसिल कर खुद लेता था रिफंड, ऐसे करता था पूरा खेल
जांच में पता चला कि आरोपी बुकिंग कंफर्म होने के बाद असली खेल शुरू करता था। वह पहले टिकट बुक करता और फिर उसे कैंसिल कर रिफंड अपने खाते में ले लेता था। इस दौरान वह अपना ही फोन नंबर इस्तेमाल करता था, जिससे उसे पूरे प्रोसेस पर नियंत्रण रहता था। इस तरीके से उसने कई लोगों को अपना शिकार बनाया और करीब 12 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर डाली। पुलिस का कहना है कि आरोपी की उम्र करीब 33 साल है और वह 12वीं तक पढ़ा है, लेकिन ऑनलाइन ठगी के इस तरीके में काफी माहिर हो चुका था।
साइबर पुलिस की कार्रवाई, और भी मामलों की जांच जारी
साइबर थाना पुलिस ने आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, उसके पास से मिले मोबाइल और लैपटॉप में कई और पीड़ितों का डेटा मिला है, जिससे अंदेशा है कि ठगी का आंकड़ा और बढ़ सकता है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या उसके साथ और लोग भी जुड़े हुए हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *
Atul kumar agarwal
Dating app ma muja sa furd hu hi muja sa hi






