ग्रेटर नोएडा में नाली को लेकर विवाद, महिला और बच्चों को पीटा, दिल्ली पुलिस के कॉन्सटेबल समेत 7 पर FIR दर्ज
- Shiv Kumar
- 19 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के साबौता गांव में नाली के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसियों ने घर में घुसकर एक महिला और उसके बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमलावर लाठी-डंडे लेकर आए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने दिल्ली पुलिस में तैनात एक महिला कांस्टेबल समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
देर रात हुआ विवाद, घर में घुसकर किया हमला
पीड़ित धर्मपाल सिंह, जो मजदूरी करते हैं, ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी अक्सर नाली को लेकर विवाद करते रहते हैं। मंगलवार देर रात जब वह काम पर गए हुए थे, तभी पड़ोसियों ने उनकी पत्नी राजकुमारी से झगड़ा किया। बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी फिर से लाठी-डंडों के साथ उनके घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट करने लगे।
महिला के सिर पर मारी ईंट, बचाने आए लोगों को भी पीटा
धर्मपाल के मुताबिक, जब उनकी पत्नी ने आरोपियों को गाली देने से रोका तो उन्होंने हमला कर दिया। आरोप है कि उनकी पत्नी के सिर पर ईंट मारी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आए उनके भाई गौरी शंकर और अशोक को भी आरोपियों ने पीट दिया, जिससे वे भी घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
महिला कांस्टेबल पर भी आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपियों में शामिल राजेश की बेटी मोनिका दिल्ली पुलिस में तैनात है, जो अक्सर उनके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती है। घटना के दिन भी वह मौके पर मौजूद थी और धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में राजेश, रजनी, दीपांशु, प्रियांशु, गरिमा, प्रिया और मोनिका के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






