ईकोटेक-3 पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार के इनामिया बदमाश को दबोचा, आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकदमे
- Shiv Kumar
- 19 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। गुरुवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने चौगानपुर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड से उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गोपनीय सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान नूर उर्फ सोनू उर्फ छोटू (28) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के हबीबपुर गांव में रह रहा था। पुलिस को काफी समय से उसकी लोकेशन की तलाश थी। गुरुवार को मिली सटीक सूचना के बाद टीम ने जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी काफी शातिर किस्म का अपराधी है और गिरफ्तारी से इलाके में अपराध पर अंकुश लगेगा।
कई संगीन मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ थाना ईकोटेक-3 में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट के अलावा बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस शामिल हैं। साल 2024 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ लगातार आपराधिक मुकदमे दर्ज होते रहे हैं। आरोपी पर संगठित अपराध में शामिल होने और अवैध गतिविधियों को अंजाम देने के आरोप हैं।
पुलिस बोली- आगे भी होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिससे उसके अन्य साथियों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किन-किन घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






