नोएडा में बोगस फर्मों के खिलाफ सख्त एक्शन, पुलिस ने 9 को दबोचा, 637 करोड़ की फर्जी ITC का मामला

top-news
नोएडा में फर्जी कंपनियों के जरिए टैक्स चोरी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। 80 बोगस फर्में पकड़ी गईं और 9 आरोपी गिरफ्तार किए गए। करोड़ों की ITC ब्लॉक कर भारी टैक्स डिमांड तय की गई है।

नोएडा समेत गौतमबुद्धनगर जिले में फर्जी कंपनियों के जरिए टैक्स चोरी करने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। राज्य कर विभाग ने जांच के दौरान 80 ऐसी फर्मों का खुलासा किया है, जो कागजों पर तो रजिस्टर्ड थीं, लेकिन असल में उनका कोई अस्तित्व नहीं था। इस मामले में पुलिस ने अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरोह फर्जी दस्तावेजों के सहारे कंपनियां बनाकर सरकार को करोड़ों का चूना लगा रहा था। जांच के बाद सभी संदिग्ध फर्मों का पंजीकरण रद्द कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।


जांच में बड़ा खुलासा, सैकड़ों कंपनियों को पहुंचाया फायदा
राज्य कर विभाग की जांच में सामने आया कि इन फर्जी फर्मों के जरिए देशभर की 1027 कंपनियों को करीब 637 करोड़ रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) पास की गई थी। इनमें 455 फर्म उत्तर प्रदेश में और 574 अन्य राज्यों में रजिस्टर्ड हैं। अधिकारियों के अनुसार, गौतमबुद्धनगर जोन में पंजीकृत फर्मों की जांच के दौरान 20 फर्म राज्य क्षेत्राधिकार में और 60 फर्म केंद्रीय क्षेत्राधिकार में बोगस पाई गईं। इन सभी फर्मों ने फर्जी कागजात के जरिए रजिस्ट्रेशन कराया और टैक्स चोरी के मकसद से लेन-देन किया।


करोड़ों की ITC ब्लॉक, भारी टैक्स डिमांड तय
कार्रवाई के तहत अब तक 78.27 करोड़ रुपये की ITC को ब्लॉक कर दिया गया है। साथ ही इन फर्मों के खिलाफ कुल 1788.99 करोड़ रुपये की टैक्स डिमांड तय की गई है। अधिकारियों का कहना है कि फर्जी कंपनियों की पूरी चेन को खंगाला जा रहा है, ताकि असली लाभार्थियों तक पहुंचा जा सके। इस प्रक्रिया में 162.89 करोड़ रुपये की अतिरिक्त टैक्स डिमांड भी बनाई गई है, जिससे साफ है कि यह घोटाला काफी बड़े स्तर पर फैला हुआ था।


गिरफ्तारियां जारी, पूरे नेटवर्क की हो रही जांच
मामले में संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है और अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि आगे भी इस तरह की फर्जी फर्मों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि टैक्स चोरी जैसे मामलों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *