'बहू का दावा, उसको आती हैं 9 माताएं', पति की नौकरी छुड़वाई, सास ने लगाए गंभीर आरोप, पूरा मामला जानकर दंग रह जाएंगे आप
- Shiv Kumar
- 21 Mar, 2026
नोएडा के सेक्टर-121 स्थित एक सोसायटी में रहने वाली महिला ने अपनी बहू और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए बड़ा मामला दर्ज कराया है। महिला का कहना है कि शादी के बाद से उनकी बहू अजीब व्यवहार करने लगी और खुद पर नौ शक्तियों व नौ माताओं का साया होने का दावा करती थी। पीड़िता के मुताबिक, इस दौरान बहू और उसके परिवार ने इलाज और अन्य बहानों से उनके बेटे से लाखों रुपये वसूल लिए। काफी समय तक कार्रवाई न होने पर महिला ने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर फेज-3 थाने में बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
इलाज के नाम पर लाखों की वसूली, गहने भी लेकर चली गई
पीड़ित महिला का आरोप है कि उनकी बहू ने इलाज के बहाने करीब 16 लाख रुपये वसूल लिए, लेकिन वह किसी डॉक्टर के पास जाने के बजाय तांत्रिकों के पास जाती रही। इसके अलावा महिला ने यह भी दावा किया कि बहू घर से करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने लेकर चली गई, जिन्हें आज तक वापस नहीं किया गया। इन गहनों में सोने का हार, चूड़ियां, अंगूठियां, कड़े और हीरे की अंगूठी शामिल हैं। महिला का कहना है कि बहू ने अपने माता-पिता और भाई-बहनों के साथ मिलकर इन गहनों का गबन किया है।
शादी से पहले बीमारी छिपाने का आरोप, विदेश में भी बना तनाव
महिला ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे की शादी दिल्ली के मयूर विहार की रहने वाली युवती से हुई थी। आरोप है कि शादी से पहले बहू की गंभीर मानसिक स्थिति की जानकारी छिपाई गई। शादी के बाद जब उनका बेटा अमेरिका में काम कर रहा था, तब बहू भी उसके साथ वहां गई। वहां भी वह खुद पर देवी-देवताओं का साया होने की बात कहकर अजीब हरकतें करती रही। महिला का आरोप है कि बहू ने उनके बेटे पर दबाव बनाकर उसकी नौकरी तक छुड़वा दी, जिससे परिवार पर आर्थिक और मानसिक दोनों तरह का असर पड़ा।
फ्लाइट में हंगामा, घर में मारपीट और धमकी के आरोप
पीड़िता के अनुसार, साल 2021 में भारत लौटते समय बहू ने फ्लाइट में हंगामा किया और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। उसने वॉट्सऐप पर मैसेज कर दावा किया कि उसके साथ देवी-देवता भारत आ रहे हैं। भारत आने के बाद भी उसका व्यवहार सामान्य नहीं हुआ और उसने घर में भी हंगामा करना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर बहू के परिवार ने कई बार घर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। 22 सितंबर और 19 नवंबर 2024 को हुई घटनाओं का भी जिक्र करते हुए महिला ने कहा कि उनके पास मेडिकल रिपोर्ट और अन्य सबूत मौजूद हैं।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस, जांच में जुटी पुलिस
महिला का कहना है कि उन्होंने पहले पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद अब फेज-3 थाना पुलिस ने बहू और उसके परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






