आयुष विभाग की शानदार प्रस्तुति को मिली पहचान, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल का पुरस्कार
- Shiv Kumar
- 29 Sep, 2026
इंडियन एक्सपो मार्ट एंड सेंटर, ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में उत्तर प्रदेश आयुष विभाग के स्टॉल को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल (Best Display Stand) का पुरस्कार मिला। हॉल-4 में लगाए गए इस स्टॉल के जरिए उत्तर प्रदेश में आयुष क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों, सेवाओं और गतिविधियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया गया।
आयुष चिकित्सा व्यवस्था की दी गई जानकारी
आयुष विभाग के उप निदेशक डॉ. राम कृपाल, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी गौतमबुद्ध नगर डॉ. वंदना रानी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी गाजियाबाद डॉ. अशोक राणा और जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. प्रीति सिंघल ने स्टॉल पर आने वाले अतिथियों और आगंतुकों का स्वागत किया। अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश में आयुष चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। स्टॉल पर आयुष चिकित्सा पद्धतियों, सुरक्षित और मानकीकृत औषधि निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, अनुसंधान एवं नवाचार के बारे में भी बताया गया।
आयुर्वेद, योग और पंचकर्म पर रहा फोकस
स्टॉल पर आयुर्वेद, योग और पंचकर्म के साथ आयुर्वेद के वैश्वीकरण की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया गया। उत्तर प्रदेश को वेलनेस टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों और गुणवत्तापूर्ण, साक्ष्य-आधारित व अनुसंधानपरक आयुर्वेदिक उपचार को बढ़ावा देने की जानकारी आगंतुकों को दी गई। इसके जरिए आयुष क्षेत्र में प्रदेश में किए जा रहे कार्यों और भविष्य की संभावनाओं को सामने रखा गया।
नाड़ी परीक्षा के साथ स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी
स्टॉल पर चिकित्सकों ने आगंतुकों की नाड़ी परीक्षा कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया। इसके अलावा आयुर्वेदिक आहार-विहार, ऋतुचर्या और दिनचर्या के जरिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई। इससे आगंतुकों को आयुर्वेद आधारित जीवनशैली और स्वास्थ्य देखभाल के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी मिली।
गौतमबुद्ध नगर की टीम की रही सक्रिय भूमिका
आयोजन में आयुष विभाग के गौतमबुद्ध नगर के सभी चिकित्साधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। टीम ने स्टॉल के संचालन, आगंतुकों के मार्गदर्शन और विभागीय गतिविधियों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने में भूमिका निभाई। विभाग के अनुसार, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल का पुरस्कार आयुर्वेद और होम्योपैथी विभाग, गौतमबुद्ध नगर की टीम की समन्वित कार्यशैली और प्रस्तुति का परिणाम है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






