ग्रेटर नोएडा में गिरा गोवंश, घंटो रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर निकाला बाहर, बारिश के बीच गोवंश को बचाने में लगी रही टीम
- Shiv Kumar
- 21 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक गोवंश के कुएं में गिरने से हड़कंप मच गया। ननुआ का राजपुर गांव के पास करीब 30 फुट गहरे कुएं में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और गौ रक्षकों के साथ मिलकर गोवंश को बचाने की कोशिश में जुट गई। शुरुआत में हालात काफी चुनौतीपूर्ण रहे, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी और कई घंटों की मेहनत के बाद आखिरकार गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जेसीबी से नहीं मिली सफलता, हाइड्रा मशीन से चला रेस्क्यू
प्रारंभिक प्रयासों में गोवंश को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन कुएं की गहराई और स्थिति के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मौके पर हाइड्रा मशीन मंगवाई गई। टीम ने बेहद सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ाया ताकि गोवंश को किसी तरह की चोट न पहुंचे। कई घंटे तक लगातार प्रयास करने के बाद आखिरकार गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम की सराहना की।
बारिश बनी बड़ी बाधा, फिर भी डटे रहे गौ रक्षक
जिला गोरक्षक प्रमुख त्रिलोक गुर्जर ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं। कीचड़ और फिसलन के चलते मशीनों को चलाना आसान नहीं था, फिर भी गौ रक्षक और पुलिस टीम लगातार मौके पर डटी रही। सभी ने मिलकर समन्वय के साथ काम किया, जिसके चलते यह सफल रेस्क्यू संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि अगर थोड़ी भी लापरवाही होती तो गोवंश की जान जा सकती थी।
खुले कुएं-बोरवेल पर उठे सवाल, आंदोलन की चेतावनी
इस घटना के बाद एक बार फिर खुले पड़े कुएं और बोरवेल के गड्ढों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। गौ रक्षकों ने प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले भी कई बार इन खतरनाक गड्ढों को भरने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं में पहले भी कई गोवंश अपनी जान गंवा चुके हैं। गोरक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन गड्ढों को नहीं भरा गया, तो राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






