जेवर टप्पल मार्ग पर गड्ढों से राहगीर परेशान, हादसों का बना रहता है खतरा, लंबे समय से नहीं हो रही सुनवाई
- Shiv Kumar
- 21 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के जेवर से अलीगढ़ के टप्पल को जोड़ने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें पानी भर जाने से हालात और भी खतरनाक हो गए हैं। इस वजह से रोजाना राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के चलते कई बार वाहन पलटने जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
बार-बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
गांव के निवासी रामवीर, राजेश, अमित और सोनू ने बताया कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में रहने वाले लोगों में काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि रोजाना इसी रास्ते से गुजरने वाले लोगों की जान जोखिम में है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
बारिश में और खतरनाक हो जाती है सड़क
बारिश होने या पानी भरने के बाद इस सड़क की स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे वाहन चालक अचानक हादसे का शिकार हो सकते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार बाइक सवार गिर चुके हैं और छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
एयरपोर्ट कार्यक्रम से पहले भी नहीं सुधरी व्यवस्था
ग्रामीणों ने डॉ. महेश शर्मा और धीरेंद्र सिंह से भी सड़क ठीक कराने की अपील की थी, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि 28 मार्च को प्रस्तावित एयरपोर्ट उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं, जिसमें नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना है। ऐसे में भी इस मुख्य मार्ग की अनदेखी लोगों को समझ नहीं आ रही। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आने वाले समय में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






