ग्रेटर नोएडा में दो मंजिला मकान भरभराकर गिरा, भवन खाली होने से टला बड़ा हादसा, मौके का नजारा देखकर हिल गया पूरा इलाका
- Shiv Kumar
- 30 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र के नीमका गांव में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब खेतों के बीच बना दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और लोग मौके पर जुट गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि मकान पहले से खाली था, जिस कारण कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे इलाके का जायजा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर मकान में कोई रहता होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
अधिग्रहण के बाद खाली पड़ा था मकान
ग्रामीणों के मुताबिक, यह मकान काफी समय से खाली पड़ा हुआ था। जेवर एयरपोर्ट निर्माण के लिए आसपास के गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया गया है, जिसके चलते कई मकानों को पहले ही खाली करा दिया गया था। नीमका गांव का यह मकान भी उन्हीं में शामिल था। लंबे समय से खाली रहने और देखरेख न होने के कारण इसकी हालत जर्जर हो गई थी, जिसके चलते यह अचानक ढह गया। अधिकारियों का कहना है कि अधिग्रहित जमीन पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य पूरी तरह प्रतिबंधित है और किसानों को लगातार इस बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद कुछ जगहों पर पुराने निर्माण खड़े रह जाते हैं, जो समय के साथ खतरनाक साबित हो सकते हैं।
मलबा हटाने का काम शुरू, लोगों को चेतावनी
घटना के बाद पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू कराया। साथ ही आसपास के लोगों को सख्त हिदायत दी गई कि वे जर्जर और खाली पड़े मकानों के पास न जाएं, क्योंकि इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। जेवर थाना प्रभारी ने बताया कि मकान पूरी तरह खाली था, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल मलबा हटाकर क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से ऐसे अन्य जर्जर मकानों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात भी कही जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






