ग्रेटर नोएडा में सेना के जवान के घर चोर ने की नोटों की गड्डी पार, पुलिस ने दर्ज की नामजद FIR, मोहल्ले के युवक ने दिया वारदात को अंजाम

top-news
ग्रेटर नोएडा के पारसौल गांव में सेना के जवान के घर से 50 हजार रुपये की चोरी, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के पारसौल गांव में सेना के एक जवान के घर से 50 हजार रुपये की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है।


पड़ोसी युवक पर चोरी का आरोप

पीड़ित राजीव कुमार, जो सेना में तैनात हैं और इन दिनों असम में ड्यूटी कर रहे हैं, छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि रविवार रात वह अपने परिवार के साथ एक कमरे में बैठे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला अन्नू नाम का युवक उनके दूसरे कमरे में घुस गया। आरोप है कि उसने कमरे में रखी 50 हजार रुपये की नकदी चुरा ली और मौके से भागने लगा।


शोर मचाने पर फरार हुआ आरोपी

राजीव कुमार ने बताया कि उन्होंने आरोपी को कमरे से निकलते हुए देख लिया। जब उन्होंने कमरे में जाकर जांच की तो नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।


पुलिस कर रही तलाश, जल्द गिरफ्तारी का दावा

पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी अन्नू के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। दनकौर कोतवाली पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *