ग्रेटर नोएडा में अचानक धू-धू कर जलने लगी कार, जान बचाकर भागा ड्राइवर, जलती कार की तस्वीर देख शॉक्ड हो जाएंगे आप!
- Shiv Kumar
- 04 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना बिसरख थाना क्षेत्र के अजनारा गोल चक्कर के पास की है, जहां हुंडई ओरा कमर्शियल कार कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक समय रहते बाहर निकल गया।
चलते-चलते बंद हुई कार, फिर उठी चिंगारी
मिली जानकारी के अनुसार, कार चालक अपनी गाड़ी लेकर जा रहा था, तभी अचानक कार बंद हो गई। काफी कोशिश के बाद भी जब कार दोबारा स्टार्ट नहीं हुई, तो आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे धक्का लगाकर किनारे करने की कोशिश की गई। इसी दौरान कार के अगले हिस्से से अचानक हल्की आवाज आई और चिंगारी उठने लगी। कुछ ही सेकंड में चिंगारी ने आग का रूप ले लिया। स्थिति को भांपते हुए चालक तुरंत कार से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई।
कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को घेरा
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार उसकी चपेट में आ गई। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही गाड़ी धू-धू कर जलने लगी। घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आसपास खड़े लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता ज्यादा होने के कारण कोई खास सफलता नहीं मिल सकी।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, सटीक कारण जानने के लिए जांच की जा रही है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि घटना में किसी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है, जो कि बड़ी राहत की बात है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






