नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, विदेशी नागरिकों से ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

top-news
नोएडा साइबर क्राइम पुलिस ने सेक्टर-76 में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अमेरिका और यूरोप के नागरिकों को हैकिंग का डर दिखाकर ठगी करते थे और रकम को क्रिप्टो करेंसी के जरिए अपने खातों में ट्रांसफर करते थे।

नोएडा पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में नोएडा की साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर चलाकर विदेशियों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सेक्टर-76 इलाके में की गई, जहां से गिरोह लंबे समय से अवैध गतिविधियां चला रहा था।


फर्जी कॉल सेंटर से अमेरिका-यूरोप के लोगों को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन देकर विदेशी नागरिकों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद वे खुद को टेक्निकल सपोर्ट एजेंट बताकर अमेरिका और यूरोप के लोगों को कॉल करते थे। आरोपियों का तरीका बेहद चालाकी भरा था, वे पहले पीड़ितों के कंप्यूटर में वायरस भेजते और फिर सिस्टम हैक होने का डर दिखाकर उन्हें ठगी का शिकार बनाते थे।


लैपटॉप, मोबाइल और राउटर बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. बिलाल, देव कपाही, अभिषेक और कुशाग्र के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दिल्ली और राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से 4 लैपटॉप, 8 मोबाइल फोन और 2 राउटर बरामद किए हैं। पूछताछ में पता चला कि ये लोग ठगी की रकम डॉलर में वसूलते थे और उसे क्रिप्टो करेंसी वॉलेट के जरिए अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते थे। डीएसपी साइबर सेल शैव्या गोयल के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *