नोएडा में हिंसा के बाद यूपी सरकार का बड़ा फैसला, श्रमिकों की बढ़ी मजदूरी, कैटेगरी वाइज वेतन वृद्धि देखें यहां
- Shiv Kumar
- 14 Apr, 2026
नोएडा/गाजियाबाद। श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए देर रात मजदूरी बढ़ाने की घोषणा कर दी। इस फैसले से लाखों श्रमिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर नोएडा और गाजियाबाद जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग उठ रही थी, जो हाल ही में आंदोलन के रूप में सामने आई थी। सरकार के इस कदम को उसी आंदोलन के असर के तौर पर देखा जा रहा है।
अकुशल, अर्द्धकुशल और कुशल श्रमिकों की बढ़ी मजदूरी
नए आदेश के अनुसार, नोएडा और गाजियाबाद में अकुशल मजदूरों की मासिक मजदूरी 11313 रुपए से बढ़ाकर 13690 रुपए कर दी गई है, जो 1 अप्रैल से लागू होगी। इसके अलावा अर्द्धकुशल और कुशल श्रमिकों की मजदूरी में भी बढ़ोतरी की गई है। इस फैसले से औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले बड़ी संख्या में श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आने की उम्मीद है।
अन्य जिलों में भी लागू होगी नई दरें
सरकार ने केवल नोएडा और गाजियाबाद ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के अन्य नगर निगमों और जनपदों में भी अलग-अलग दरों पर मजदूरी बढ़ाने का निर्णय लिया है। अलग-अलग क्षेत्रों के अनुसार नई दरें तय की गई हैं, जिससे प्रदेश भर के श्रमिकों को इसका फायदा मिलेगा।
आंदोलन के बाद सरकार का त्वरित फैसला
हाल ही में नोएडा में श्रमिकों का प्रदर्शन हिंसक हो गया था, जिसके बाद सरकार और प्रशासन पर दबाव बढ़ा। इसी के चलते यह निर्णय लिया गया है। माना जा रहा है कि इस फैसले से श्रमिकों में संतोष बढ़ेगा और औद्योगिक क्षेत्रों में कामकाज सामान्य होने में मदद मिलेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






