ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसायटी में लगी भीषण आग, सोफा से लेकर बेड सबकुछ जलकर खाक

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसायटी में 12वीं मंजिल पर फ्लैट में भीषण आग लग गई। दमकल की तीन गाड़ियों ने दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फ्लैट का सारा सामान जलकर राख हो गया।


ग्रेटर नोएडा वेस्ट

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसायटी में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। टावर-21 की 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा फ्लैट उसकी चपेट में आ गया। इस घटना में फ्लैट का सारा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि गनीमत रही कि समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए और कोई जनहानि नहीं हुई।


देर रात लगी आग, पड़ोसियों ने दी सूचना

जानकारी के मुताबिक, फ्लैट नंबर 1202 में रहने वाले धीरेंद्र सिंह के परिवार को देर रात करीब 1 बजे आग लगने की जानकारी मिली। पड़ोसियों ने बालकनी की तरफ आग की लपटें देखीं और तुरंत उन्हें सतर्क किया। परिवार ने बिना देर किए फ्लैट खाली किया और मेंटेनेंस टीम को सूचना दी, लेकिन मौके पर आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।


दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक फ्लैट में रखा बेड, सोफा, फ्रिज, एसी और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।


शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि वायरिंग में आग लगने के बाद वह एसी के कंप्रेसर तक पहुंची, जिससे विस्फोट हुआ और आग तेजी से फैल गई। हालांकि, परिवार का कहना है कि उस समय एसी चालू नहीं था। फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *