ग्रेटर नोएडा में कार में मिली व्यापारी की लाश, खुद को शूट कर सुसाइड की आशंका, कार से पिस्टल बरामद
- Shiv Kumar
- 27 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-वन थाना क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो गाड़ी के अंदर किराना व्यापारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पी-4 निवासी 30 वर्षीय राहुल बिधूड़ी के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से एक पिस्टल भी बरामद हुई है, जिसके आधार पर शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
गाड़ी में ड्राइवर सीट पर मिला शव
पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 4:30 बजे कोफोर्ज कंपनी के पास घरबरा गांव के समीप एक स्कॉर्पियो गाड़ी संदिग्ध हालत में खड़ी होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब गाड़ी की जांच की, तो ड्राइवर सीट पर एक युवक मृत अवस्था में मिला। जांच के दौरान मृतक के हाथ में एक पिस्टल भी पाई गई, जिसमें एक खोखा कारतूस फंसा हुआ था।
फॉरेंसिक जांच में जुटी टीम
घटनास्थल पर गाड़ी के शीशे पर गोली निकलने का निशान भी मिला है। इन सभी साक्ष्यों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवक ने खुद को गोली मारी है। हालांकि, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने जरूरी साक्ष्य जुटाए।
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राहुल बिधूड़ी पी-4 क्षेत्र में किराना दुकान चलाते थे और घर से यह कहकर निकले थे कि वह किसी काम से बाहर जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने की बात कह रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






