ग्रेटर नोएडा में डीएम ने जेबीजे टेक्नोलॉजी कंपनी का किया निरीक्षण, मेडिकल कैंप में स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
- Shiv Kumar
- 29 Apr, 2026
ग्रेटर नोएडा की जेबीजे टेक्नोलॉजी लिमिटेड कंपनी का जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बुधवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी में तैयार किए जा रहे ऑटोमोबाइल पार्ट्स की निर्माण प्रक्रिया को करीब से देखा और उत्पादन से जुड़ी तकनीकी बारीकियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डीएम ने श्रमिकों से बातचीत कर उनकी कार्य परिस्थितियों और सुविधाओं के बारे में भी जानकारी हासिल की। उन्होंने सीट बेल्ट बनाने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह उत्पाद सड़क सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है और इससे हजारों लोगों की जान बचती है।
श्रमिकों से संवाद, कार्य परिस्थितियों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने असेंबली लाइन में काम कर रहे महिला और पुरुष कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने श्रमिकों से उनके कार्य वातावरण, सुरक्षा उपायों और कंपनी द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही उन्होंने कंपनी प्रबंधन को निर्देश दिए कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने उत्पादन की गुणवत्ता और तकनीकी प्रक्रियाओं का भी निरीक्षण करते हुए कहा कि उद्योगों की प्रगति में गुणवत्ता और श्रमिकों की सुरक्षा दोनों का समान महत्व है।
नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी किया निरीक्षण
कंपनी परिसर में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी जिलाधिकारी ने जायजा लिया। यह शिविर जिला प्रशासन, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन और यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में लगाया गया था। डीएम ने ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी, नेत्र और दंत जांच जैसी सुविधाओं का निरीक्षण किया और मेडिकल टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्रमिकों ने कार्यस्थल पर ही स्वास्थ्य सेवाएं मिलने पर संतोष जताया और इसके लिए आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य सुरक्षा और नियमित जांच पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि सूक्ष्म निर्माण कार्य के कारण श्रमिकों की आंखों पर अधिक प्रभाव पड़ता है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन उद्योगों के साथ मिलकर बेहतर कार्य वातावरण और श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






