नोएडा में स्कूल बस की चपेट में आकर 5 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत, बस से उतरते समय हुआ हादसा, हादसे के बाद ड्राइवर फरार

top-news
ग्रेटर नोएडा के दनकौर में स्कूल बस की चपेट में आने से पहली कक्षा की छात्रा भूमि की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों ने बस में हेल्पर नहीं होने और चालक की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 5 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्ची स्कूल से छुट्टी के बाद बस से घर लौट रही थी। आरोप है कि घर के पास बस से उतरने के तुरंत बाद उसी स्कूल बस ने बच्ची को कुचल दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजन बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।


बस से उतरते ही हुआ हादसा

मृतक बच्ची की पहचान रोशनपुर गांव निवासी अरुण शर्मा की बेटी भूमि के रूप में हुई है। भूमि तालड़ा गांव स्थित एक निजी स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ती थी। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद भूमि रोज की तरह बस से घर लौटी थी। आरोप है कि जैसे ही वह बस से उतरकर घर की ओर बढ़ी, चालक ने लापरवाही से बस आगे बढ़ा दी। इसी दौरान बच्ची बस के टायर की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों और परिवार के सदस्यों ने तुरंत बच्ची को ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।


बस में हेल्पर नहीं होने का आरोप

घटना के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और चालक की लापरवाही पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि स्कूल बस में चालक के अलावा कोई हेल्पर मौजूद नहीं था। बच्चों को सुरक्षित उतारने और सड़क पार कराने के लिए किसी कर्मचारी की तैनाती नहीं की गई थी। परिजनों का आरोप है कि अगर बस में हेल्पर होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में ले लिया। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *