ग्रेटर नोएडा में श्रमवीर सम्मान समारोह का भव्य आयोजन, श्रमिकों को मिली कई बड़ी सौगात

top-news
ग्रेटर नोएडा में श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026 का आयोजन हुआ। इस दौरान 300 बेड के ईएसआईसी अस्पताल, मोबाइल हेल्थ वैन और श्रमिकों के लिए निशुल्क फूड वैन जैसी कई बड़ी योजनाओं की शुरुआत की गई।

अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर गौतम बुद्ध नगर में श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के जरिए सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही अटल आवासीय विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं और प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया। श्रमिकों को टूलकिट और प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि सरकार उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।


ग्रेटर नोएडा को मिला 300 बेड के ईएसआईसी अस्पताल का तोहफा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में 300 बेड के ईएसआईसी अस्पताल निर्माण के लिए सात एकड़ भूमि का आवंटन पत्र जारी किया। इसके साथ ही जेवर में मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का वर्चुअल शिलान्यास भी किया गया। श्रमिकों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिले में 201 स्थानों पर मेगा हेल्थ कैंप और 25 मोबाइल हेल्थ वैन यानी मुख्यमंत्री आरोग्य रथ का शुभारंभ हुआ। औद्योगिक इकाइयों में 79 स्थानों पर डिस्पेंसरी और एंबुलेंस रूम की भी शुरुआत की गई। इसके अलावा चार एएलएस एंबुलेंस, 10 ब्लड एनालाइजर और 43 क्रेच सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच नए अस्पतालों को भी सूचीबद्ध किया गया, जिससे श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।


श्रमिकों के लिए शुरू हुई निशुल्क फूड वैन सुविधा

कार्यक्रम में श्रमिकों के लिए एक और खास पहल की शुरुआत की गई। हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से निशुल्क फूड वैन सेवा का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी मेधा रूपम और जनप्रतिनिधियों ने इस सेवा की शुरुआत करते हुए श्रमिकों को भोजन वितरित किया। इस योजना के तहत सप्ताह में तीन दिन करीब 600 औद्योगिक श्रमिकों को निशुल्क, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यह सुविधा खासकर उन श्रमिकों के लिए लाभकारी होगी, जो दूरदराज क्षेत्रों से आकर फैक्ट्रियों में काम करते हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *