LLB के छात्र की हत्या करने वाले बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, आरोपी टिल्लू को पुलिस ने किया लंगड़ा, 12 घंटे के भीतर एक्शन
- Shiv Kumar
- 06 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में एलएलबी छात्र साजन हत्याकांड के मुख्य आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हत्या के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें टिल्लू नाम का आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
साजन हत्याकांड के बाद पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन
बताया जा रहा है कि सूरजपुर थाना पुलिस को आरोपी बदमाशों की लोकेशन मिलने के बाद चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें टिल्लू घायल हो गया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घायल आरोपी वही है, जिस पर एलएलबी छात्र साजन की हत्या का आरोप है। मंगलवार देर रात साजन को घर में घुसकर गोली मारी गई थी। इस वारदात के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।
घर में घुसकर की गई थी छात्र की हत्या
साकीपुर गांव निवासी साजन एलएलबी सेकेंड ईयर का छात्र था। मंगलवार रात शादी समारोह से लौटने के बाद पड़ोस में रहने वाले आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला किया था। आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर घर के अंदर घुसकर गोली मार दी थी। शुरुआती जांच में नाली विवाद को हत्या की वजह बताया गया है। घटना के बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। अब पुलिस की मुठभेड़ में एक आरोपी के घायल होने के बाद मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






