नोएडा में वाटर लेवल सुधारने की पहल, बनेंगे रिचार्ज पिट, 20 मई तक जमा करना होगा बिड, 21 मई को खुलेंगे टेंडर

top-news
नोएडा प्राधिकरण शहर के पार्कों और ग्रीन बेल्ट में बेंगलुरु मॉडल पर रिचार्ज पिट बनाएगा। इससे बारिश का पानी जमीन में पहुंचेगा, भूजल स्तर सुधरेगा और जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

नोएडा प्राधिकरण ने शहर में लगातार गिर रहे भूजल स्तर को सुधारने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब शहर के ग्रीन बेल्ट और पार्कों में ‘बेंगलुरु मॉडल’ पर आधारित रिचार्ज पिट बनाए जाएंगे। इस योजना के तहत शुरुआती चरण में 10 अलग-अलग स्थानों पर रिचार्ज पिट तैयार किए जाएंगे। इसके लिए प्राधिकरण ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इच्छुक कंपनियां 20 मई तक आवेदन कर सकेंगी, जबकि 21 मई को टेंडर खोले जाएंगे। प्राधिकरण का मानना है कि बारिश के पानी का सही इस्तेमाल करके भूजल स्तर को बेहतर बनाया जा सकता है। शहर के कई सेक्टरों में भूजल काफी नीचे पहुंच चुका है, जिससे भविष्य में जल संकट की आशंका बढ़ रही है। ऐसे में वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए यह योजना अहम मानी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, अगर यह प्रोजेक्ट सफल रहता है तो आने वाले समय में शहर के अन्य सेक्टरों और पार्कों में भी इसी तरह के रिचार्ज पिट बनाए जाएंगे।


क्या होता है रिचार्ज पिट और कैसे करेगा काम

रिचार्ज पिट एक विशेष प्रकार की संरचना होती है, जिसमें बारिश का पानी जमा होकर धीरे-धीरे जमीन के अंदर पहुंचता है। इससे भूजल रिचार्ज होता है और पानी की बर्बादी रुकती है। प्राधिकरण के अनुसार एक रिचार्ज पिट की माप लगभग 12 फीट × 4 फीट होगी। यह एक बार में करीब 4,270 लीटर पानी संग्रहित कर सकेगा और सालभर में लगभग 1.28 लाख लीटर पानी जमीन के अंदर पहुंचाने की क्षमता रखेगा। बारिश का पानी पाइप और नालियों के जरिए सीधे पिट तक पहुंचेगा। पिट के अंदर फिल्टर सामग्री लगाई जाएगी, जो पानी को साफ करने का काम करेगी। इसके बाद पानी धीरे-धीरे जमीन में रिसेगा। इससे भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी और जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।


शहर को मिलेंगे कई बड़े फायदे

नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि इस योजना से सिर्फ भूजल स्तर ही नहीं सुधरेगा, बल्कि शहर में जलभराव जैसी समस्याओं में भी कमी आएगी। बारिश का पानी सीधे जमीन में पहुंचने से सड़कों पर पानी जमा होने की स्थिति कम होगी। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच इस तरह की योजनाएं भविष्य में पानी की कमी से राहत दिलाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। नोएडा में पहले भी वर्षा जल संरक्षण को लेकर कई प्रयास किए गए हैं, लेकिन अब बड़े स्तर पर रिचार्ज पिट सिस्टम लागू करने की तैयारी को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *