नोएडा में जमीनों के बढ़े दाम, आवासीय और संस्थागत समेत इंडस्ट्रियल प्लॉट हुए 11 परसेंट महंगे, व्यावसायिक के नहीं बढ़े रेट
- Shiv Kumar
- 08 May, 2026
नोएडा में अब प्रॉपर्टी खरीदना पहले के मुकाबले महंगा हो गया है। नोएडा प्राधिकरण ने आवासीय, संस्थागत और औद्योगिक भूखंडों की दरों में करीब 11 प्रतिशत तक बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें लागू होने के बाद अब जमीन और भूखंडों का आवंटन संशोधित कीमतों के आधार पर किया जाएगा। पिछले साल प्राधिकरण ने संपत्तियों की दरों में केवल 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी, लेकिन इस बार की बढ़ोतरी को अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि माना जा रहा है।
ई-ऑक्शन में बढ़ती बोली के बाद लिया गया फैसला
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, ई-ऑक्शन में भूखंडों के लिए लगातार बढ़ती बोलियों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उनका कहना है कि बाजार में जमीन की मांग बढ़ रही है और निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए नई दरें तय की गई हैं। नई दरों के तहत आवासीय, संस्थागत और औद्योगिक सभी श्रेणी के भूखंड महंगे हो गए हैं। हालांकि प्राधिकरण ने व्यावसायिक संपत्तियों की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदने वालों की संख्या अभी अपेक्षा के मुताबिक नहीं बढ़ी है, इसलिए उनकी दरें यथावत रखी गई हैं।
औद्योगिक और आवासीय सेक्टर की नई दरें लागू
प्राधिकरण के फैसले के अनुसार, औद्योगिक संपत्तियों में भी 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। फेज-1 में चार हजार वर्गमीटर तक के औद्योगिक भूखंडों का आवंटन अब 55,880 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से होगा। वहीं फेज-2 में 60 हजार वर्गमीटर से बड़े भूखंडों का शुल्क 20 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर तय किया गया है। हालांकि, ईडब्ल्यूएस और श्रमिक कुंज जैसी आवासीय योजनाओं में राहत बरकरार रखी गई है। इन भवनों की दरें 10,140 रुपये प्रति वर्गमीटर ही रहेंगी। प्राधिकरण का कहना है कि कमजोर आय वर्ग और श्रमिकों को ध्यान में रखते हुए इन श्रेणियों में कीमत नहीं बढ़ाई गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






