ग्रेटर नोएडा के निर्माणाधीन हॉस्टल में डबल मर्डर से मचा हड़कंप, कमरे में धारदार हथियार से मजदूरों की हत्या, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

top-news
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में निर्माणाधीन हॉस्टल के कमरे से दो मजदूरों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों मेरठ के रहने वाले थे और हाल ही में काम पर आए थे। पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश में दो टीमें जुटी हैं।

ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सीताराम इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल के एक कमरे में दो लोगों के शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। कमरे के अंदर दोनों शव खून से लथपथ हालत में पड़े थे। शुरुआती जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। दोनों मृतक मेरठ के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो कुछ दिन पहले ही यहां माली का काम करने आए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और आसपास के लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी हुई है।


दो-तीन दिन पहले ही काम पर आए थे दोनों मृतक

पुलिस जांच में मृतकों की पहचान मेरठ के अब्दुल्लापुर निवासी 45 वर्षीय इंद्र और इचौंली गांव निवासी 45 वर्षीय शीशपाल के रूप में हुई है। दोनों हाल ही में इंस्टीट्यूट परिसर में माली का काम करने के लिए आए थे और निर्माणाधीन हॉस्टल में ही रह रहे थे। शुक्रवार सुबह डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे के अंदर दोनों शव पड़े मिले। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल की स्थिति देखकर हत्या की आशंका मजबूत हुई है। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। घटना के बाद इंस्टीट्यूट परिसर में काम करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।


शराब, मजदूरी विवाद और रंजिश के एंगल पर जांच

पुलिस इस हत्याकांड को कई एंगल से जांच रही है। शुरुआती जांच में शराब पीने के बाद विवाद, मजदूरी को लेकर झगड़ा और आपसी रंजिश जैसे पहलू सामने आए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें बनाई गई हैं। टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *