13 साल के बच्चे की हत्या का मामला, आरोपी पिता ने धारदार ब्लेड से काटा अपना गला, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 08 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने ही 13 वर्षीय इकलौते बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर से दूर तालाब में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी घर पहुंचा और परिवार वालों को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी गढ़ दी कि बेटा कहीं चला गया है। जब काफी तलाश के बाद भी बच्चा नहीं मिला तो परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बच्चा आखिरी बार अपने पिता के साथ जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने पूरी वारदात कबूल कर ली। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस पूछताछ में बार-बार बदलता रहा बयान
पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रदीप उर्फ पप्पी सिरसा गांव की 6 प्रतिशत कॉलोनी में परिवार के साथ रहता है। उसका बेटा सुधांशु आठवीं कक्षा में पढ़ता था। बुधवार को प्रदीप बेटे को कार में बैठाकर घर से निकला था, लेकिन कुछ देर बाद अकेला वापस लौट आया। परिवार वालों ने पूछताछ की तो उसने कहा कि सुधांशु को रिश्तेदार के यहां छोड़ आया है। रात तक बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों को शक हुआ। इसी बीच प्रदीप का भाई कासना थाने पहुंचा और बच्चे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में प्रदीप बार-बार अपने बयान बदलता रहा। कभी वह दोस्त के घर छोड़ने की बात कहता तो कभी रिश्तेदार के पास होने का दावा करता। पुलिस को उसकी बातों पर शक हुआ तो सख्ती से पूछताछ की गई।
तालाब में मिला शव, परिवार को फंसाने की रची साजिश
इसी दौरान मोहल्ले के लोगों ने पास के तालाब में एक शव उतराता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बाहर निकलवाया। शव की पहचान सुधांशु के रूप में हुई। बेटे का शव देखकर परिवार वालों के होश उड़ गए। पूछताछ में आरोपी पिता ने कबूल किया कि उसने पहले बेटे का गला दबाकर हत्या की और फिर शव तालाब में फेंक दिया। आरोपी ने बताया कि वह संपत्ति विवाद में अपने परिवार के लोगों को फंसाना चाहता था, इसलिए उसने अपहरण और हत्या जैसी साजिश रची। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चाकू से खुद के गले पर वार कर आत्महत्या की कोशिश भी की, लेकिन मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया। फिलहाल आरोपी अस्पताल में भर्ती है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






