IPL टिकटों की कालाबाजारी करने वाले 3 धरे गए, DDCA के फर्जी एजेंट 20, 000 में बेचते थे 'NOT FOR SALE' वाले पास

top-news
दिल्ली पुलिस ने आईपीएल टिकटों की कालाबाजारी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 54 टिकट और 33 ‘Not For Sale’ कॉम्प्लिमेंट्री पास बरामद किए गए हैं।

आईपीएल मैचों के बढ़ते रोमांच के बीच दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने टिकटों की कालाबाजारी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी तरीके से खुद को डीडीसीए का अधिकृत एजेंट बताकर महंगे दामों पर टिकट बेच रहे थे। आरोपी उन कॉम्प्लिमेंट्री पास को भी हजारों रुपये में बेच रहे थे, जिन पर साफ तौर पर ‘Not For Sale’ लिखा हुआ था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 54 आईपीएल टिकट बरामद किए हैं, जिनमें 33 कॉम्प्लिमेंट्री पास शामिल हैं। इसके अलावा 25 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतने बड़े स्तर पर इन आरोपियों तक फ्री पास कैसे पहुंच रहे थे।


दिल्ली गेट के पास जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी

डीसीपी क्राइम ब्रांच के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली गेट इलाके में कुछ लोग आईपीएल टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग कर रहे हैं। इसके बाद एसीपी संजय कुमार नागपाल की निगरानी में इंस्पेक्टर मान सिंह और सुंदर गौतम की टीम ने कार्रवाई की। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान यूपी के मुरादाबाद निवासी मुकीम, जामिया नगर ओखला निवासी गुफरान उर्फ साजिद और सीलमपुर निवासी मोहम्मद फैसल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे देशभर में जहां-जहां आईपीएल मैच होते थे, वहां हवाई जहाज से जाकर टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग करते थे। आरोपी फ्री वीआईपी पास को 20 हजार रुपये तक में बेच देते थे। वहीं सामान्य टिकट भी दोगुने और कई बार उससे ज्यादा कीमत पर बेचे जाते थे।


सट्टेबाजों और अपराधियों तक पहुंचाते थे टिकट

क्राइम ब्रांच की जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह स्टेडियम के अंदर लाइव सट्टा लगाने वालों को भी प्रीमियम टिकट उपलब्ध कराता था। इसके अलावा जेबकतरों और अन्य अपराधियों को भी टिकट सप्लाई किए जाते थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तीनों आरोपी पहले भी टिकट ब्लैक मार्केटिंग और धोखाधड़ी के मामलों में जेल जा चुके हैं। गुफरान के खिलाफ नंद नगरी थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज है, जबकि फैसल पर चोरी, जुआ और फ्रॉड के मामले दर्ज हैं। वहीं मुकीम ऑटो एक्सपो के दौरान टिकट ब्लैक करने के मामले में पहले भी पकड़ा जा चुका है। दिल्ली पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *