नोएडा के सेक्टर-63 में संदिग्ध हालात में मिला व्यक्ति का शव, पुलिस कर रही जाँच
- Shiv Kumar
- 11 May, 2026
नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 40 से 45 साल के बीच बताई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने मेट्रो स्टेशन के पास एक व्यक्ति को बेसुध हालत में पड़ा देखा। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
पहचान कराने में जुटी पुलिस
सेक्टर-63 थाना पुलिस के मुताबिक मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






