पार्किंग विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच चले लाठी डंडे, दबंगों ने युवक और उसकी नाबालिग बेटी को भी पीटा, घटना सीसीटीवी में कैद
- Shiv Kumar
- 12 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में पार्किंग को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दबंगों द्वारा युवक, उसकी पत्नी और नाबालिग बेटी के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना चिपियाना स्थित राम श्याम कॉलोनी की बताई जा रही है, जहां स्कूटी खड़ी करने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि रास्ते और पार्किंग को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद करीब आधा दर्जन लोगों ने युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान बचाने आई पत्नी और बेटी को भी पीटा गया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बेटी और पत्नी को भी नहीं बख्शा
जानकारी के मुताबिक राम श्याम कॉलोनी निवासी अवधेश कुमार गुप्ता और आकाश कुमार शर्मा के घर आसपास हैं। दोनों परिवारों के बीच स्कूटी खड़ी करने को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर अवधेश कुमार गुप्ता और आकाश शर्मा के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद आकाश शर्मा के परिजन मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह युवक को बेरहमी से पीटा जा रहा है। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी और नाबालिग बेटी भी मारपीट का शिकार हो गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के बाद कॉलोनी में तनाव का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि आए दिन छोटे-छोटे विवाद हिंसक रूप ले रहे हैं, जिससे परिवारों में डर बढ़ता जा रहा है।
पुलिस ने दोनों पक्षों पर की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को हिरासत में लेकर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। साथ ही भविष्य में किसी भी तरह का विवाद न करने की चेतावनी भी दी गई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से ऐसे मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। घटना के बाद से कॉलोनी में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






