ग्रेनो में मजदूरों को गर्मी से मिलेगी राहत, प्राधिकरण ने लगाया वाटर कूलर, दादरी विधायक तेजपाल नागर ने किया शुभारंभ
- Shiv Kumar
- 16 May, 2026
भीषण गर्मी के बीच ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने डेल्टा लेबर चौक पर श्रमिकों और राहगीरों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था शुरू कर दी है। शुक्रवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर ने यहां लगाए गए वाटर एटीएम का शुभारंभ किया। अब रोजाना काम की तलाश में लेबर चौक पहुंचने वाले सैकड़ों मजदूरों को निशुल्क आरओ का ठंडा पानी मिल सकेगा। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण श्रमिकों को लंबे समय से पेयजल की परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने यह सुविधा शुरू की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे मजदूरों और राहगीरों दोनों को बड़ी राहत मिलेगी और गर्मी में पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
मजदूरों की जरूरत को देखते हुए लिया फैसला
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, डेल्टा लेबर चौक पर हर दिन बड़ी संख्या में मजदूर काम मिलने की उम्मीद में पहुंचते हैं। सुबह से लेकर दोपहर तक तेज धूप में इंतजार करने के दौरान उन्हें पीने के पानी की काफी दिक्कत होती थी। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यहां वाटर एटीएम लगाया गया। उद्घाटन के दौरान विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि गर्मी में लोगों को शुद्ध और ठंडा पानी उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्राधिकरण के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे मजदूरों को काफी राहत मिलेगी। कार्यक्रम में परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा, जूनियर इंजीनियर कुलदीप शर्मा और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
ग्रेटर नोएडा में दूसरा वाटर एटीएम शुरू
अधिकारियों ने बताया कि यह ग्रेटर नोएडा में लगाया गया दूसरा वाटर एटीएम है। इससे पहले नटों की मड़ैया क्षेत्र में भी वाटर एटीएम लगाया गया था, जिसका शुभारंभ जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने 7 मई को किया था। प्राधिकरण का कहना है कि आने वाले समय में शहर के अन्य सार्वजनिक स्थानों और श्रमिक बहुल इलाकों में भी इसी तरह की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि गर्मियों में इस तरह की सुविधाएं आम लोगों के लिए काफी मददगार साबित होती हैं। प्राधिकरण की कोशिश है कि शहर में जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाकर लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






