ग्रेटर नोएडा में गाली-गलौज का विरोध करने पर चला दी गोली, युवक गंभीर रुप से घायल, आरोपी गिरफ्तार

top-news
ग्रेटर नोएडा के जेवर में युवक पर फायरिंग कर घायल करने वाले आरोपी हिमांशु भाटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।

ग्रेटर नोएडा के जेवर कस्बे में युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली। घायल युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।


गाली-गलौज के बाद मारी गोली

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया कि आरोपी हिमांशु भाटी ने वादी और उसके बेटे के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी थी। विरोध करने पर आरोपी ने अवैध तमंचे से टेकचंद्र पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही टेकचंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना जेवर में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।


सबौता अंडरपास से हुई गिरफ्तारी

शुक्रवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी हिमांशु भाटी को सबौता अंडरपास के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान हिमांशु भाटी पुत्र विजेंद्र भाटी निवासी ग्राम फलैदा थाना रबूपुरा के रूप में हुई है, जो वर्तमान में जेवर की रूप सिंह कॉलोनी में रह रहा था। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *