गलगोटिया यूनिवर्सिटी में छात्रों के बीच जमकर चले लात-घूसे, मामूली विवाद में झगड़ा, वीडियो वायरल
- Shiv Kumar
- 18 May, 2026
ग्रेटर नोएडा की गलगोटिया यूनिवर्सिटी में छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। मामूली विवाद को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। छात्रों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिससे यूनिवर्सिटी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह मामला दनकौर थाना क्षेत्र स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी का है। वीडियो में कई छात्र एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आसपास मौजूद छात्र बीच-बचाव करने की कोशिश करते नजर आए। घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। हालांकि अभी तक किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के मुताबिक छात्रों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़ा कुछ ही मिनटों में इतना बढ़ गया कि कई छात्र आपस में भिड़ गए। वायरल वीडियो में छात्र एक-दूसरे पर मुक्के बरसाते नजर आ रहे हैं। यूनिवर्सिटी परिसर में मौजूद अन्य छात्रों ने किसी तरह स्थिति को शांत कराया। इस घटना के बाद परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालयों में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
स्थानीय लोगों और छात्रों के मुताबिक कुछ दिन पहले भी यूनिवर्सिटी में मारपीट की घटनाएं सामने आई थीं। आए दिन छात्रों के बीच विवाद और झगड़े की घटनाओं से अभिभावकों की चिंता बढ़ रही है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और मामले में संबंधित छात्रों की पहचान की जा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत मिलती है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से भी पूरे मामले की जांच की बात कही जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






